बस्तर में सक्रिय हार्डकोर नक्सली दंपति ने तेलंगाना में किया सरेंडर, 33 लाख के इनामी थे दोनों

रायपुर। बस्तर क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय रहे दो हार्डकोर नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए सरेंडर कर दिया है। इन दोनों ने तेलंगाना के रामागुंडम में पुलिस कमिश्नर के समक्ष आत्मसमर्पण किया। नक्सली दंपति में कमेटी मेंबर लच्छन्ना उर्फ गोपन्ना और उसकी पत्नी अंकुबाई उर्फ अनितक्का शामिल हैं। लच्छन्ना पर 25 लाख और अनितक्का पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, लच्छन्ना को वर्ष 2023 में DKSZCM (दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर) की जिम्मेदारी दी गई थी। इससे पहले 2007 में वह उत्तर बस्तर DVC (डिवीजनल कमेटी) के तकनीकी विभाग का इंचार्ज रह चुका है। वह बीते 22-23 वर्षों से संगठन के विभिन्न पदों पर काम कर रहा था और नक्सली गतिविधियों की गहराई से जानकारी रखता है।

उसकी पत्नी अनितक्का भी लंबे समय से माओवादी संगठन में सक्रिय रही है। वह तेलंगाना के सिरपुर दलम में काम कर चुकी है और 2002 में ACM (एरिया कमेटी मेंबर) के रूप में पदोन्नत हुई थी। वर्ष 2007 में उसे तकनीकी विभाग में भेजा गया और हाल ही में वह उत्तर बस्तर DVC के तकनीकी विभाग में DVCM कैडर के पद पर कार्यरत थी।

सरेंडर के बाद पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इनसे नक्सल संगठन की रणनीतियों, ठिकानों और अन्य सहयोगियों को लेकर अहम जानकारी मिल सकती है। यह सरेंडर सरकार की पुनर्वास नीति और पुलिस की रणनीतिक सफलता का संकेत माना जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button