रायपुर में 8 सितंबर को होगा भव्य गणेश विसर्जन, तैयारियां पूरी

रायपुर। राजधानी रायपुर में इस बार भी गणेशोत्सव का समापन भव्य गणेश विसर्जन चल समारोह के साथ होगा। सोमवार, 8 सितंबर 2025 की रात 8 बजे से शोभायात्रा शुरू होगी, जो तेलघानी नाका चौक से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महादेव घाट तक पहुंचेगी। यहां सभी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
शोभायात्रा में सैकड़ों झांकियां, पारंपरिक वाद्ययंत्र और भक्ति गीतों के साथ धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश प्रस्तुत किए जाएंगे। हर साल की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
यातायात रहेगा प्रतिबंधित
चल समारोह के दौरान तेलघानी नाका से लेकर महादेव घाट मार्ग तक यातायात बंद रहेगा। पुलिस ने वैकल्पिक रास्तों और डायवर्जन की व्यवस्था की है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें और तय मार्गों का ही उपयोग करें।
पार्किंग की सुविधा
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। तेलीबांधा, पंडरी, राजा तालाब से आने वाले शहीद स्मारक भवन के पास, कटोरा तालाब व टिकरापारा से आने वाले गांधी मैदान, और मठपारा व पुरानी बस्ती क्षेत्र से आने वाले इंडोर स्टेडियम में वाहन पार्क कर सकेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
महादेव घाट पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस बल, होमगार्ड, नगर निगम कर्मचारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात रहेंगी। एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था की गई है।
गणेश विसर्जन रायपुर की संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा है। भक्तिमय माहौल और झांकियों की भव्यता से शहर गुंजायमान होगा। श्रद्धालु पूरे उत्साह से गणपति बप्पा को विदाई देंगे और अगले साल फिर से स्वागत का संकल्प लेंगे।





