शोभा टाह की पुण्य स्मृति में सेवा का महाकुंभ, बिलासपुर में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

बिलासपुर।समाज सेवा और मानवता की एक प्रेरणादायक मिसाल आज बिलासपुर में देखने को मिली, जहां स्वर्गीय शोभा टाह की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर शोभा टाह फाउंडेशन द्वारा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्वामी आत्मानंद विद्यालय, चिंगराजपारा में आयोजित हुआ, जिसमें सुबह से ही इलाज के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शिविर का शुभारंभ फाउंडेशन के संस्थापक अनिल टाह ने किया। इस अवसर पर नगर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत के जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे। कई प्रशासनिक अधिकारियों ने भी स्वयं स्वास्थ्य जांच कराकर आम लोगों को जागरूक होने का संदेश दिया।
नगर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि पिछले 19 वर्षों से लगातार इस तरह का स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क इलाज मिलता है और समाज को सेवा की प्रेरणा भी मिलती है।
महापौर पूजा विधानी ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि यहां निःशुल्क इलाज के साथ-साथ दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और हैंडीकैप साइकिल का वितरण किया गया, जो बेहद सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए इस तरह के आयोजन सबसे बड़ा पुण्य हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने बताया कि शिविर में नेत्र रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, दंत रोग, अस्थि रोग, चर्म रोग, मधुमेह, सिकल सेल, रक्त जांच, नाक-कान-गला रोग के साथ-साथ आयुर्वेद और होम्योपैथी की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा फिजियोथेरापी और दिव्यांग बच्चों की विशेष जांच से हजारों लोगों को लाभ मिला।
आयोजक अनिल टाह ने बताया कि शोभा टाह फाउंडेशन पिछले 19 वर्षों से लगातार यह सेवा कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रशासन और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सबके सहयोग से ही यह मानवीय पहल सफल हो पा रही है।
शोभा टाह की पुण्य स्मृति में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर सेवा, समर्पण और संवेदना का प्रतीक बनकर उभरा, जिसने हजारों जरूरतमंदों के जीवन में राहत और मुस्कान लाई।





