सक्ती वेदांता हादसे पर सरकार सख्त, जांच के आदेश; मंत्रियों ने कांग्रेस पर साधा निशाना

रायपुर। सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रियों के बयान सामने आए हैं। सभी मंत्रियों ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
“दुखद घटना पर राजनीति ठीक नहीं” – अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी दुखद घटनाओं पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की सोच को दर्शाता है।
कंपनियों की जांच पर होगी सख्ती
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि वे इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे ताकि कंपनियों की नियमित जांच सुनिश्चित की जा सके। अभी केवल शिकायत या रेंडम आधार पर जांच होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की ओर से कोई लापरवाही नहीं हुई है।
मजिस्ट्रियल जांच और सख्त कार्रवाई
मंत्रियों ने बताया कि हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। यदि किसी अधिकारी या कंपनी की लापरवाही सामने आती है तो फैक्ट्री एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
14 की मौत, 35 घायल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 35 मजदूर घायल हैं। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है और अस्पतालों को तुरंत अलर्ट किया गया था।
“कांग्रेस बयानबाजी से बचे”
मंत्रियों ने विपक्ष को सलाह दी कि इस संवेदनशील मामले में राजनीति से बचें। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जा रही है।
इस बीच प्रशासन की जांच जारी है और हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।





