छत्तीसगढ़ में दुबई का 260 करोड़ का सोना खपाया गया, ED ने तस्करों की संपत्ति अटैच की

रायपुर। दुबई से लाया गया 260 करोड़ रुपए का अवैध सोना छत्तीसगढ़ में बेचा गया। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस सोने की तस्करी में शामिल दो तस्करों सचिन केदार और पुरुषोत्तम कवले की 3 करोड़ 76 लाख रुपए की संपत्ति अटैच की है। इसमें बैंक खातों की रकम, फ्लैट और जमीन शामिल हैं। यह कार्रवाई PMLA एक्ट 2002 के तहत की गई।

ED की जांच में सामने आया है कि यह गोल्ड सिंडिकेट दुबई से सोना लाकर छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और अन्य जिलों में बेचता था। जिन ज्वेलर्स के नाम सामने आए हैं उनमें सहेली ज्वेलर्स, नवकार ज्वेलर्स, सागर ज्वेलर्स और सुमित ज्वेलर्स प्रमुख हैं। इन सभी ने तस्करों से विदेशी सोना खरीदा था।

इस तरह हुआ खुलासा

यह मामला अप्रैल 2021 में सामने आया, जब कोलकाता एयरपोर्ट पर दो तस्करों को पकड़ा गया। उनके शरीर से बंधी बेल्ट से दुबई का सोना बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह सोना राजनांदगांव के मोहनी ज्वेलर्स को देना था। इसके बाद DRI ने छापा मारकर इस सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। DRI ने आगे जांच करते हुए 1 मई 2021 को राजनांदगांव के शांतिलाल बैद के घर छापा मारा। जांच में पता चला कि इस तस्करी का मास्टरमाइंड विजय बैद उर्फ विक्की है, जो दुबई से भारत तक सोना लाने की पूरी योजना चलाता था।

दुबई से छत्तीसगढ़ तक कैसे आता था सोना

जांच में खुलासा हुआ कि दुबई से सोना बांग्लादेश या म्यांमार भेजा जाता था। वहां से यह नॉर्थ ईस्ट राज्यों के रास्ते भारत में घुसाया जाता था। फिर ट्रेन, फ्लाइट या सड़क मार्ग से सोना राजनांदगांव पहुंचता था और वहां से अन्य शहरों में सप्लाई होता था।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button