रायपुर सेंट्रल जेल में कैदी से मिलने पहुंची गर्लफ्रेंड ने बनाया वीडियो, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रायपुर सेंट्रल जेल में एक कैदी और उसकी गर्लफ्रेंड की मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो खुद युवती ने मुलाकात कक्ष में अपने मोबाइल फोन से बनाया और बाद में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया।

वायरल वीडियो में युवती कहती नजर आ रही है कि उसके बॉयफ्रेंड का जन्मदिन है और वह इसी वजह से उससे मिलने जेल आई है। उसने बताया कि वह इस बात से दुखी है कि जन्मदिन के मौके पर वह उसके साथ नहीं रह सकती, इसलिए उससे मिलने पहुंची है और उसका रिएक्शन देखना चाहती है।

जेल के मुलाकात कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित है, इसके बावजूद युवती का फोन अंदर पहुंचना जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। लोग सोशल मीडिया पर पूछ रहे हैं कि क्या एंट्री गेट पर जांच नहीं हुई या फिर किसी तरह लापरवाही हुई।

जानकारी के अनुसार, कैदी का नाम तारकेश्वर बताया जा रहा है। वह किस मामले में जेल में बंद है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। हालांकि, चर्चा है कि वह एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में जेल में है।

बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और उसी समय युवती ने वीडियो रिकॉर्ड किया। बाद में इसमें फिल्म का गाना जोड़कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जिससे यह तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रबंधन ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। प्रशासन की चुप्पी के चलते लोगों के बीच कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

यह पहला मामला नहीं है जब रायपुर सेंट्रल जेल से कोई वीडियो वायरल हुआ हो। इससे पहले भी कैदियों के जिम करते हुए और सेल्फी लेने के वीडियो सामने आ चुके हैं। उन मामलों में भी जांच की बात कही गई थी, लेकिन ठोस जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी।

इस ताजा मामले के बाद एक बार फिर जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button