Geofencing Mobile App: शिक्षकों के लिए मोबाइल पर ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य, गड़बड़ी पर रोक

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों में शिक्षकों के लिए मोबाइल पर ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। फिलहाल यह व्यवस्था महासमुंद, बेमेतरा, दंतेवाड़ा, सूरजपुर और रायगढ़ में लागू की गई है। इस नए एप के माध्यम से शिक्षक केवल स्कूल परिसर में उपस्थित होने पर ही हाजिरी दर्ज कर पाएंगे, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और हाजिरी में गड़बड़ी पर पूरी रोक लगेगी।
विभाग ने विद्या समीक्षा केंद्र के तहत विशेष मोबाइल एप विकसित किया है, जो गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। प्रत्येक शिक्षक को इसे डाउनलोड कर पंजीयन करना और प्रतिदिन अपनी उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है। इस एप में जियो-फेंसिंग तकनीक शामिल है, जिससे शिक्षक तभी हाजिरी दर्ज कर सकेंगे जब वे निर्धारित स्कूल क्षेत्र में हों।
मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि यह प्रणाली गुजरात मॉडल से प्रेरित है, लेकिन इसे और अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाया गया है। गुजरात में शिक्षकों द्वारा घर से ही हाजिरी दर्ज करने की समस्या सामने आई थी, जिसे छत्तीसगढ़ में नई तकनीक से रोका गया है।
इस व्यवस्था से शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति का वास्तविक समय में रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे विद्यालयीन अनुशासन और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। शिक्षकों की निगरानी आसान होगी और गड़बड़ी की संभावना न्यूनतम होगी।
शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन समय पर एप के माध्यम से हाजिरी दर्ज करें। अधिकारियों का कहना है कि इस तकनीक से न केवल हाजिरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी, बल्कि स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों और अनुशासन पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।





