1800 रुपए के विवाद में दोस्त की हत्या, गला घोंटने के बाद ईंट से कुचलकर उतारा मौत के घाट

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पैसों के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां दो युवकों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। आरोप है कि 1800 रुपए और मोबाइल पासवर्ड को लेकर हुए झगड़े में वारदात को अंजाम दिया गया।
मालखरौदा थाना क्षेत्र के बंदोरा गांव में 28 मार्च की शाम आरोपी इंद्र कुमार गबेल और नारायण यादव, राहुल कुर्मी के घर के पास पहुंचे। इंद्र कुमार ने राहुल से अपने 1800 रुपए वापस मांगे और मोबाइल का बदला हुआ पासवर्ड बताने को कहा। इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने मिलकर कपड़े से राहुल का गला घोंट दिया। इसके बाद भी जब उसकी सांस चल रही थी, तो इंद्र कुमार ने ईंट से उसके सिर और चेहरे पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद राहुल का शव घर के पास ही मिला। मृतक के गले पर दबाव और सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि राहुल ने उनकी जेब से पैसे निकाल लिए थे और मोबाइल का पासवर्ड भी बदल दिया था, जिससे वे नाराज थे।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को 29 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।





