दुर्ग में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, सुसाइड नोट में रिश्तों में तनाव का जिक्र

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के कमरे में पति-पत्नी फंदे से लटके मिले, जबकि दो बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। मौके से मिले सुसाइड नोट में पारिवारिक तनाव और पति के कथित अफेयर का जिक्र किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सुसाइड नोट में बच्चों की हत्या का जिक्र
मृतकों की पहचान गोविंद साहू, उनकी पत्नी चंचल साहू, बेटी दृष्टि साहू और बेटे यशांत साहू के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से दो सुसाइड नोट मिले हैं। इनमें से एक नोट में चंचल साहू ने शादीशुदा जिंदगी से परेशान होने की बात लिखी है।
नोट के अनुसार, महिला ने पहले बच्चों को शराब पिलाई और फिर उन्हें नींद का इंजेक्शन दिया। इसके बाद बच्चों की मौत सुनिश्चित करने के लिए उनका गला घोंटने का भी उल्लेख किया गया है। घर से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस को महिला के चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे विवाद की आशंका जताई जा रही है।
लव मैरिज के बाद बढ़ा पारिवारिक तनाव
जानकारी के मुताबिक, गोविंद और चंचल ने परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। शुरुआती वर्षों के बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा था। सुसाइड नोट में पति के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का भी जिक्र किया गया है।
दोनों बच्चे शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। गोविंद साहू शेयर ट्रेडिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि परिवार हाल ही में धार्मिक यात्रा से लौटा था। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य दूसरे शहर गए हुए थे।
पोस्टमॉर्टम और कॉल डिटेल से खुलेगा राज
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मोबाइल कॉल डिटेल, सुसाइड नोट और घटनास्थल से मिले अन्य सबूतों की जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच जारी है।





