राजनांदगांव की चार बेटियों को भारतीय टीम ट्रायल का मौका, चेन्नई में होगा चयन शिविर

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से खेल जगत के लिए गर्व की खबर सामने आई है। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) खेलो इंडिया बास्केटबॉल एकेडमी की चार महिला खिलाड़ियों को जूनियर भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम के चयन ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया है।

इन खिलाड़ियों में रेवाडिह वार्ड की अंजलि कोडापे के साथ रेवा कुलकर्णी, रूमी कंवर और श्वेता सिंह शामिल हैं। इन सभी का चयन लुधियाना में आयोजित जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

भारतीय बास्केटबॉल संघ ने इन खिलाड़ियों को 10 से 12 अप्रैल तक चेन्नई में होने वाले चयन ट्रायल के लिए बुलाया है। चयनित खिलाड़ी फीबा एशिया कप (SABA क्वालिफायर्स) में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके बाद 13 अप्रैल से 4 मई तक चेन्नई में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें ये खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।

अंजलि कोडापे की सफलता प्रेरणादायक है। साधारण परिवार से आने वाली अंजलि के पिता ड्राइवर हैं, जबकि माता घरों में काम करती हैं। छह बहनों में सबसे बड़ी अंजलि ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।

 

वनांचल क्षेत्रों से प्रतिभाओं को निखारने में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव और कालवा राधा राव का अहम योगदान रहा है। उन्होंने रेवाडिह जैसे क्षेत्रों में बास्केटबॉल कोर्ट बनवाकर बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया है। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं और विभिन्न सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं।

इसके अलावा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय रेवाडिह की शिक्षिका संजू मिश्रा और प्रधान पाठक अनुपराम कंवर ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

रेवा कुलकर्णी पहले एशियन बास्केटबॉल प्रतियोगिता (डिवीजन-II) में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय युवा टीम की कप्तान रह चुकी हैं। वहीं अंजलि, रूमी और श्वेता ने जूनियर नेशनल में शानदार प्रदर्शन कर ट्रायल में जगह बनाई है। दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनांदगांव ने इन खिलाड़ियों को प्रवेश देकर उनकी शिक्षा और खेल दोनों को नई दिशा दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button