अंबेडकर अस्पताल में तीमारदार-डॉक्टर्स के बीच मारपीट, पुलिस जुटी जांच में

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों पर मरीज के परिजनों के साथ मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है।
अशोक नगर निवासी कैलाश शर्मा और पुरुषोत्तम शर्मा एक सड़क हादसे में घायल अज्ञात युवक को समय पर इलाज दिलाने की मंशा से अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन इलाज के बाद जब दोनों युवकों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से डिस्चार्ज की जानकारी पूछी, तो डॉक्टर भड़क गए। आरोप है कि युवक का गला दबाया गया और कई जूनियर डॉक्टरों ने मारपीट की।
महिला डॉक्टर से बात में व्यस्त था डॉक्टर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर किसी मरीज का इलाज नहीं कर रहा था, बल्कि अपनी महिला डॉक्टर साथी से बातचीत में व्यस्त था। जब परिजनों ने जानकारी चाही, तो डॉक्टर ने अभद्र व्यवहार किया और देखते ही देखते अन्य जूनियर डॉक्टर भी आकर मारपीट करने लगे।
CCTV फुटेज छिपाने का आरोप
घटना का पूरा CCTV अस्पताल प्रबंधन के पास है, लेकिन सिर्फ धक्का-मुक्की वाला वीडियो ही जारी किया गया, जबकि मारपीट वाले फुटेज को जारी नहीं किया गया। इस विवाद के बाद जूनियर डॉक्टरों ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, पीड़ित युवकों ने आरोप लगाया है कि पूर्व में भी मरीजों के परिजनों को बाउंसरों से पिटवाने की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन प्रशासन मौन रहता है। मामले की जांच मौदहापारा पुलिस कर रही है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी कोई बयान सामने नहीं आया है।





