परिवार रायपुर गया, पीछे से सूने घर में लाखों की चोरी, CCTV रिसीवर भी ले गए बदमाश

जिले में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी और जेवरात सहित करीब 1.25 लाख रुपए की चोरी कर ली। वारदात उस समय हुई जब परिवार रायपुर गया हुआ था। बदमाश घर में लगे CCTV कैमरों का रिसीवर भी अपने साथ ले गए, ताकि कोई सबूत न बच सके। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीक्षांत समारोह में गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, गोढ़ी खुर्द कापू निवासी विष्णुराम भगत अपने परिवार के साथ बेटे के दीक्षांत समारोह में शामिल होने रायपुर गए थे। उनका बेटा रायपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। इसी दौरान घर सूना पड़ा था।
सोमवार सुबह पड़ोसी ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार वापस गांव पहुंचा, जहां घर का सामान बिखरा मिला।
जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर
चोर दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 35 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, सोने की चेन, अंगूठी, टॉप्स और चांदी की पायल शामिल है।
परिवार ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
साक्ष्य मिटाने CCTV रिसीवर भी ले गए
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी घर में लगे CCTV कैमरों का रिसीवर भी अपने साथ ले गए हैं। माना जा रहा है कि चोर सबूत मिटाने की नीयत से DVR निकालकर ले गए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।





