भिलाई के लिस्टोमनिया बार में आबकारी विभाग का छापा, भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त

दुर्ग।शुक्रवार को आबकारी विभाग की संभागीय उड़नदस्ता टीम ने भिलाई के सूर्या मॉल में स्थित मशहूर बार लिस्टोमनिया में छापेमारी की। इस कार्रवाई में बार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। साथ ही कुछ बोतलों के ढक्कन लूज पाए गए, जिससे शराब में मिलावट की आशंका भी जताई जा रही है।
सहायक आयुक्त नवीन प्रताप सिंह तोमर के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम लगातार दुर्ग जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। 30 जून को की गई छापेमारी में टीम ने लिस्टोमनिया बार का स्टॉक चेक किया, जहां 62 पेटी शराब नियमों के खिलाफ पाई गई।
बार के पास एफएल 3 क श्रेणी का लाइसेंस है, जिसके तहत वह केवल आबकारी विभाग से प्राप्त शराब ही बेच सकता है। लेकिन जांच के दौरान बार में 696 बोतल ऐसी शराब पाई गई जो दूसरे स्रोत से लाई गई थी। कुछ बोतलों की सील तो सही थी लेकिन ढक्कन ढीले थे, जिससे मिलावट की संभावना और बढ़ गई।
टीम ने अवैध शराब जब्त कर ली है और बार के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल आबकारी विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह कार्रवाई यह साफ संकेत देती है कि जिले में अवैध शराब और मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया जा रहा है।





