छत्तीसगढ़ में आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा आज, कड़े सुरक्षा इंतजाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रविवार को आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा (ABA25) आयोजित की जा रही है। हाल ही में बिलासपुर में PWD सब-इंजीनियर परीक्षा में हाईटेक नकल का मामला सामने आने के बाद व्यापम ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
परीक्षा 33 जिलों में एक साथ आयोजित होगी और 200 पदों के लिए अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक रहेगा, लेकिन 10:30 बजे के बाद किसी को एंट्री नहीं मिलेगी।
जूते-गैजेट्स पहनने पर रोक
परीक्षार्थियों को जूते पहनकर आने पर रोक है। केवल चप्पल पहनकर एंट्री दी जाएगी। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य है। काले कपड़े, बेल्ट, पर्स, गहने, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा केंद्रों में लगे जैमर
हर परीक्षा केंद्र पर जैमर लगाए गए हैं ताकि नकल रोकी जा सके। परीक्षार्थियों की हैंड मेटल डिटेक्टर से तलाशी होगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला कर्मी करेंगी। परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले और समाप्ति के अंतिम आधा घंटा में किसी को बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।
इन डॉक्यूमेंट्स को लाना अनिवार्य
परीक्षार्थियों को व्यापम की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा। साथ में फोटोयुक्त ओरिजिनल आईडी प्रूफ (आधार, पैन, पासपोर्ट, वोटर आईडी आदि) जरूरी है। फोटो कॉपी मान्य नहीं होगी। किसी परेशानी के लिए 0771-2972780 या 8269801982 पर सुबह 10 से शाम 5:30 तक संपर्क कर सकते हैं।





