तेंदूपत्ता बोनस घोटाला: सुकमा से लौटी ईओडब्ल्यू की टीम, दस्तावेजों से मिली गड़बड़ी के सुबूत

रायपुर। तेंदूपत्ता बोनस घोटाले की जांच में जुटी ईओडब्ल्यू-एसीबी की टीम सुकमा से छापेमारी कर लौट आई है। करीब 6 करोड़ रुपये के इस घोटाले को लेकर बीते दिनों सुकमा, एर्राबोर और कोंटा के 14 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वनोपज सहकारी समिति के प्रबंधकों के घर से कई ऐसे दस्तावेज बरामद हुए हैं, जो घोटाले में मिलीभगत की ओर इशारा करते हैं। कहा जा रहा है कि इन दस्तावेजों से यह भी साफ होता है कि स्थानीय अधिकारियों और कुछ लोगों की मिलीभगत से यह गड़बड़ी की गई।
छापेमारी के दौरान ईओडब्ल्यू ने पूर्व विधायक मनीष कुंजाम के आवास पर भी दबिश दी थी और उनसे पूछताछ की गई। इस कार्रवाई के विरोध में उनके समर्थकों ने नाराजगी जताई है और मंगलवार को सुकमा बंद का आह्वान किया गया है।
ईओडब्ल्यू-एसीबी की टीम ने शुरुआती जांच के बाद सुकमा से वापसी कर ली है, लेकिन जांच अभी जारी है। जल्द ही प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
इस घोटाले में तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलने वाले बोनस की राशि में हेराफेरी का आरोप है, जिसे लेकर राज्य स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि जांच में और कौन-कौन लोग घेरे में आते हैं।





