Recruitment Process: सिविल डिफेंस वालंटियर के लिए शुरू हुआ नामांकन, आपदा और युद्धकाल में सेवा देने वाले स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया जारी

Recruitment Process: बिलासपुर। बिलासपुर जिले को अब सिविल डिफेंस जिले में शामिल कर लिया गया है, और इसके तहत अब नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों यानी सिविल डिफेंस वालंटियर के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 18 से 50 वर्ष की उम्र के जिले के ऐसे नागरिक जो मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं, वे स्वेच्छा से इस सेवा के लिए अपना नामांकन करा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी नगरसेना कार्यालय कुदुदण्ड में संपर्क कर सकते हैं या ‘माई भारत पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
सिविल डिफेंस वालंटियर के रूप में नामांकन के लिए कुछ आवश्यक योग्यताएं तय की गई हैं — जैसे कि जिले का मूल निवासी होना, 10वीं पास शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना, और दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो के साथ आधार कार्ड प्रस्तुत करना। इस सेवा के माध्यम से वालंटियर आपदा, युद्धकालीन स्थितियों और राहत कार्यों में प्रशासन की मदद करेंगे।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एवं अग्निशमन अधिकारी दीमपाकुर सेम्युअल नाथ ने बताया कि यह पहल न सिर्फ नागरिकों को सेवा का अवसर देगी, बल्कि जिले की आपदा प्रबंधन क्षमताओं को भी मजबूत करेगी। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है।





