राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों की बैठक में दिए निर्देश: शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर

रायपुर। राज्यपाल और विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति रमेन डेका ने आज प्रदेश के सभी शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक कर कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए खाली पदों पर जल्द से जल्द भर्ती की जाए। उन्होंने कुलपतियों से छात्रों की समस्याओं का जल्दी समाधान करने और डीन स्टूडेंट वेलफेयर को सक्रिय करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया के इस दौर में छात्रों के तनाव को कम करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

स्थायी रजिस्ट्रार और रिक्त पदों पर भर्ती का निर्देश

बैठक में राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों में स्थायी रजिस्ट्रार की नियुक्ति हो और खाली पदों को समय पर भरा जाए। उन्होंने कहा कि जब समय पर भर्ती और प्रमोशन होंगे तभी छत्तीसगढ़ के शिक्षकों को कुलपति बनने का मौका मिलेगा।

शिक्षा और रिसर्च में सुधार पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि सभी विश्वविद्यालय नैक ग्रेडिंग पाएं और रिसर्च और डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कॉलेजों का आकस्मिक निरीक्षण करने और साल में दो बार प्राचार्यों के साथ बैठक करने के निर्देश भी दिए।

किसानों और स्टार्टअप के लिए सुझाव

कृषि विश्वविद्यालय को किसानों को पारंपरिक फसलों के बजाय ज्यादा मुनाफा देने वाली फसलों के लिए प्रेरित करने और टमाटर की फसल को खराब होने से बचाने के उपाय करने को कहा। तकनीकी और व्यवसायिक विश्वविद्यालयों से युवाओं को स्टार्टअप और नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा।

एलुमिनाई मीट और नई शिक्षा नीति पर जोर

राज्यपाल ने कुलपतियों से कहा कि हर साल पूर्व छात्रों का सम्मेलन (एलुमिनाई मीट) आयोजित करें और नई शिक्षा नीति को लेकर प्राचार्यों को पूरी जानकारी दें। कुलपतियों को आपस में बैठक कर अनुभव और सुझाव साझा करने के निर्देश भी दिए।

इस बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त संतोष देवांगन, राजभवन की उप सचिव हिना अनिमेष नेताम और सभी शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलपति मौजूद रहे।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button