नल-जल योजना की चाबी को लेकर विवाद बना हिंसक, लाठी-डंडा और टांगी से हमला, सात लोग घायल

रामानुजगंज के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम नेहरू नगर में नल-जल योजना की पानी टंकी की चाबी को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडा और टांगी से हमला किया गया, जिसमें सात लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना की पानी टंकी की चाबी सरपंच-सचिव के निर्देश पर अरुण बछाड़ के घर में रखी गई थी, ताकि समय पर जलापूर्ति की जा सके। रविवार को कमल वैध चाबी लेने अरुण के घर पहुंचे थे, लेकिन सरपंच-सचिव से अनुमति न होने के कारण चाबी देने से इनकार कर दिया गया।

सोमवार सुबह दोबारा चाबी मांगने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि कमल वैध के पुत्र अभिषेक और राजू ने पहले अरुण की पत्नी आशा के साथ मारपीट की, इसके बाद लाठी-डंडा और टांगी से घर के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया।

इस घटना में आशा, अरुण, मैना, भागीरथ, राजीव, अमित और विश्वजीत सहित कुल सात लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना थाना रामानुजगंज में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button