अंबिकापुर से कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू, सप्ताह में दो दिन उड़ान, किराया करीब 6000 रुपये

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से कोलकाता के लिए हवाई सेवा की शुरुआत हो गई है। एलायंस एयर द्वारा संचालित यह सेवा सप्ताह में दो दिन उपलब्ध रहेगी। इस नई सुविधा से अंबिकापुर अब देश के दो बड़े महानगरों से हवाई मार्ग के जरिए जुड़ गया है।
एयरलाइन के अनुसार अंबिकापुर-कोलकाता के बीच उड़ान गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी। गुरुवार को फ्लाइट कोलकाता से बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंचेगी और फिर कोलकाता के लिए रवाना होगी। वहीं शनिवार को अंबिकापुर से बिलासपुर होते हुए कोलकाता के लिए उड़ान भरेगी। गुरुवार को पहली फ्लाइट अंबिकापुर से सुबह 10:25 बजे रवाना होकर दोपहर 12:15 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
इससे पहले अंबिकापुर से दिल्ली के लिए भी हवाई सेवा शुरू की जा चुकी है, जो सप्ताह में दो दिन संचालित होती है। दोनों सेवाओं के शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है और आवागमन के नए विकल्प उपलब्ध हुए हैं।
अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट का बेस किराया करीब 6000 रुपये तय किया गया है, जबकि अंबिकापुर-दिल्ली का किराया लगभग 6500 रुपये रखा गया है। हालांकि सीटों की उपलब्धता और बुकिंग के आधार पर किराए में बदलाव संभव है। एयरलाइन इस रूट पर 72 सीटों वाले विमान का संचालन कर रही है।
उड़ान के शेड्यूल के अनुसार गुरुवार को कोलकाता से सुबह 7:05 बजे उड़ान भरकर विमान 8:55 बजे बिलासपुर पहुंचेगा, जहां से 9:20 बजे रवाना होकर 10:00 बजे अंबिकापुर पहुंचेगा। इसके बाद 10:25 बजे अंबिकापुर से उड़ान भरकर 12:15 बजे कोलकाता पहुंचेगा। शनिवार को कोलकाता से 11:20 बजे उड़ान भरकर 1:10 बजे अंबिकापुर पहुंचेगा, फिर 1:35 बजे अंबिकापुर से रवाना होकर 2:15 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और वहां से 2:40 बजे उड़ान भरकर 4:30 बजे कोलकाता पहुंचेगा।
इस बीच अंबिकापुर से रायपुर होते हुए वाराणसी के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने की मांग उठी है। जनप्रतिनिधियों ने इसके लिए एयरलाइंस कंपनियों से चर्चा की है और इस रूट पर भी जल्द सेवा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।





