छत्तीसगढ़ में होगा डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस, पीएम मोदी-अमित शाह होंगे शामिल!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस आयोजित होने की तैयारी है। नक्सल प्रभावित बस्तर में चल रहे सफल अभियानों को देखते हुए माना जा रहा है कि इसे देशभर में मॉडल ऑपरेशन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित सभी राज्यों के डीजीपी और आईजी रैंक के अधिकारी शामिल होंगे।
कांफ्रेंस में आंतरिक सुरक्षा, बढ़ते साइबर अपराध, वामपंथी उग्रवाद और आतंकवाद विरोधी रणनीतियों पर चर्चा होगी। साथ ही अपराध की मॉनीटरिंग, नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन, जेल सुधार और पुलिस व्यवस्था में तकनीक के उपयोग जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। विशेष फोकस साइबर अपराध, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक जैसी नई चुनौतियों से निपटने पर रहेगा। नवा रायपुर में तीन दिवसीय यह आयोजन होगा। मेहमानों और उनके सुरक्षा कर्मियों के लिए सरकारी आवासों की व्यवस्था की जा रही है। सभी अतिथि कार्यक्रम से एक दिन पहले पहुंचेंगे और समापन के अगले दिन रवाना होंगे।
2014 के बाद यह कांफ्रेंस दिल्ली से बाहर विभिन्न राज्यों में हो रही है। असम, गुजरात, हैदराबाद, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और लखनऊ इसकी मेजबानी कर चुके हैं। कोविड काल में यह वर्चुअल आयोजित हुई थी। इस कांफ्रेंस का मुख्य उद्देश्य मौजूदा और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों की पहचान कर उनसे निपटने की रणनीति बनाना है, ताकि देश की आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।





