Solution Camp: समाधान शिविर में पहुंचे उपमुख्यमंत्री, हितग्राहियों को मिले जरूरी दस्तावेज, आयुष्मान और राशन कार्ड का किया गया वितरण

Solution Camp: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे समाधान शिविरों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार को बिलासपुर के त्रिवेणी भवन में शिविर आयोजित किया गया। जोन क्रमांक 4 के इस शिविर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याओं का समाधान कराया।
समाधान शिविर के दौरान मौके पर ही राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शिविर में मौजूद रहे और हितग्राहियों की समस्याएं सुनीं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह शिविर सरकार की उस मंशा का प्रतीक है, जिसके तहत वह जनता से सीधे संवाद कर रही है और त्वरित समाधान दे रही है।
शिविर में उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शासन स्तर की समस्याओं का भी शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आम जनता को राहत देना है, और सरकार इसके लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है। जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शिविर में प्राप्त आवेदनों और अब तक हुए निवारण की जानकारी भी साझा की।





