भिलाई में नाश्ता दुकान संचालक पर जानलेवा हमला: पुरानी रंजिश में पेट और सीने पर किए चाकू से वार, हालत गंभीर

दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर देर रात चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर निजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

घायल की पहचान अन्नू यादव (35) निवासी वृंदानगर, भिलाई के रूप में हुई है। वह अपने घर के सामने नाश्ते की दुकान संचालित करता है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने उस पर अचानक हमला कर दिया और पेट व सीने पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए।

घटना के बाद मची अफरा-तफरी

हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और हमलावरों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

मोहल्ले में बाहरी लोगों की आवाजाही पर सवाल

घायल के परिजनों और रिश्तेदारों ने मोहल्ले में बाहरी लोगों की बढ़ती आवाजाही पर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में नशे से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित होती हैं, जिसके चलते आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है।

रिश्तेदारों का कहना है कि जिस युवक पर हमले का आरोप है, उसका संबंध भी इलाके के कुछ युवकों से बताया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में हमला पुरानी रंजिश का परिणाम प्रतीत हो रहा है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों और संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button