बस्तर 2.0 ब्लूप्रिंट पर दीपक बैज के सवाल, बोले- 22 हजार करोड़ माफी और पंचायतों को राशि का क्या हुआ?

रायपुर। बस्तर 2.0 के ब्लूप्रिंट को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बस्तर विकास का ब्लूप्रिंट सौंपा है, लेकिन इसमें राज्य पर बकाया 22 हजार करोड़ रुपये माफ करने और नक्सल मुक्त पंचायतों को एक-एक करोड़ रुपये देने का जिक्र है या नहीं, यह सरकार स्पष्ट करे।
जिलाध्यक्षों की बैठक में बनेगी रणनीति
राजीव भवन में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की अहम बैठक से पहले दीपक बैज ने कहा कि सभी जिलाध्यक्षों के साथ आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
केदार कश्यप के बयान पर पलटवार
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के बयान पर बैज ने कहा कि भाजपा नेता आपस में ही फ्लाईओवर और चौड़ीकरण को लेकर घमासान में हैं। उन्होंने कहा कि केदार कश्यप को पहले बृजमोहन अग्रवाल से सलाह लेनी चाहिए, उसके बाद कांग्रेस पर बयान देना चाहिए।

सरकार पर साधा निशाना
अधिकारियों को 12 दिन की छुट्टी और सरकार की कार्यशैली पर बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में काम ठप है और सरकार टाइम पास कर रही है। अधिकारियों पर दबाव और मानसिक तनाव है, ऐसे में मंत्रियों को छुट्टी मनाने के बजाय जिम्मेदारी निभानी चाहिए।





