बांझ कहने पर बहू ने सास की हत्या की, हंसिए से किए 14 वार

बालोद।  छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बहू ने सास की 14 बार हंसिए से वार कर हत्या कर दी। आरोपी महिला खिलेश्वरी देवांगन ने बताया कि सास गीता बाई उसे अक्सर “बांझ” कहकर ताने मारती थी और घर से निकालने की धमकी देती थी, जिससे तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

घटना ग्राम बघमरा की है। 10 जून को जब घर में केवल सास और बहू मौजूद थीं, तभी बहस के दौरान सास ने फिर ताना मारा। गुस्से में आकर बहू ने रसोई से हंसिया उठाया और सास पर ताबड़तोड़ 14 वार किए। सिर, गले और चेहरे पर किए गए हमलों से सास की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद बहू ने पड़ोसियों से कहा कि सास ने खुद पर हमला किया है। लेकिन फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और महिला के हाथ में चोट के निशानों ने उसकी सच्चाई उजागर कर दी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया।

महिला की मानसिक स्थिति कमजोर थी और वह कान से भी कम सुनती थी, यह बात ससुर ने पुलिस को बताई। शादी के बाद संतान नहीं होने से सास-बहू के बीच अकसर झगड़े होते थे। पुलिस ने आरोपी पर बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया और उसे दुर्ग जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि महिला का पति विशाखापट्टनम में था और उसी दिन उसका जन्मदिन था। अब आरोपी महिला न्यायिक हिरासत में है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button