Danger In School Premises: स्कूल परिसर बने खतरे का मैदान,हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
आवारा कुत्ते और सांड स्कूलों में,प्रशासन पर हाईकोर्ट नाराज़

बिलासपुर जिले के तिफरा और सकरी क्षेत्र के स्कूलों में हुई गंभीर घटनाओं पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। (Danger In School Premises) स्कूल परिसरों में आवारा जानवरों के घुसने और बच्चों पर हमले की घटनाओं को हाईकोर्ट ने बेहद गंभीर मानते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। दरअसल, सकरी स्थित एक स्कूल में आवारा कुत्ते ने एक मासूम बच्ची को काट लिया। इतना ही नहीं, उसी इलाके में दो अन्य बच्चों को भी कुत्तों ने घायल कर दिया। इससे पहले खमतराई स्कूल में भी आवारा कुत्तों ने एक छात्र पर हमला किया था, और उसे बचाने आई दो शिक्षिकाएं भी घायल हो गई थीं।
स्कूलों में आवारा जानवरों का आतंक, हाईकोर्ट सख्त, (Danger In School Premises)
वहीं तिफरा स्कूल में सांड समेत अन्य आवारा जानवरों के स्कूल परिसर में घुसने की खबरें भी सामने आई थीं। इन सभी मीडिया रिपोर्ट्स को संज्ञान में लेते हुए चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की डिवीजन बेंच ने इसे जनहित याचिका के रूप में सुनवाई के लिए स्वीकार किया है। हाईकोर्ट ने साफ कहा है कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कोर्ट ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को व्यक्तिगत शपथ पत्र के साथ जवाब देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्य सचिव से भी पूर्व आदेशों के पालन को लेकर नया शपथ पत्र मांगा गया है। अब इन दोनों मामलों पर एक साथ आज शुक्रवार, 9 जनवरी को हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।





