हनुमान जन्मोत्सव पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुबह से रात तक विशेष पूजा-अर्चना

राजधानी में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। विभिन्न स्थानों पर पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर में सुबह 5 बजे विशेष आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद सुबह 8 बजे दैनिक आरती और दोपहर 12 बजे भोग-राग आरती संपन्न हुई। रात 8 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
सरस्वती चौक में भी धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। यहां शाम 5:30 बजे व्यायामशाला का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके बाद 6:30 बजे महाआरती और भंडारे का आयोजन होगा।
संजय नगर स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर हनुमान चालीसा के अखंड 108 पाठ का आयोजन रखा गया है। मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का दौर जारी है।
पूरे शहर में धार्मिक माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।





