कृषि महाविद्यालयों में स्नातक प्रवेश हेतु काउंसलिंग शुरू, 15 जुलाई से दस्तावेज सत्यापन

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अधीन संचालित शासकीय एवं निजी कृषि महाविद्यालयों में बी.एस.सी. कृषि (ऑनर्स) पाठ्यक्रम सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रवेश नवीन शिक्षा नीति 2020 के तहत हो रहा है। प्रथम चरण की काउंसलिंग 15 जुलाई से 21 जुलाई 2025 तक आयोजित की जाएगी। 15 जुलाई को पंजीकृत अभ्यर्थियों को पीएटी परीक्षा की मेरिट सूची के आधार पर प्रोविजनल सीट और महाविद्यालय आबंटित किया जाएगा।
16 से 18 जुलाई तक दस्तावेजों की जांच
16 से 18 जुलाई तक कृषि महाविद्यालय, रायपुर में सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। वहीं, सीट सुरक्षित करने के लिए 16 से 19 जुलाई तक ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पीएटी काउंसलिंग पूर्णतः पारदर्शिता के साथ हो रही है और छात्रों से किसी भी असामाजिक तत्व के बहकावे में न आने की अपील की गई है।
यदि कोई छात्र सीट सुरक्षित नहीं कर पाता है या आगामी चरण की काउंसलिंग में भाग लेना चाहता है, तो उसे 16 से 19 जुलाई के बीच पुनः ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वहीं, यदि कोई छात्र सीट निरस्त करना चाहता है, तो वह भी इसी अवधि में रात 11:30 बजे तक आवेदन कर सकता है।
21 जुलाई को रिक्त सीटों की जानकारी
रिक्त सीटों की जानकारी 21 जुलाई को वेबसाइट पर जारी की जाएगी। स्पॉट व कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची 21 जुलाई को प्रकाशित होगी। स्पॉट काउंसलिंग के लिए सीटें 22-23 जुलाई को आवंटित होंगी, जिनका सत्यापन और फीस जमा भी इन्हीं तिथियों में होगा। कन्वर्शन काउंसलिंग 25 जुलाई को होगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.igkv.ac.in पर विज़िट कर सकते हैं।





