Copper Theft From AC: बिलासपुर में कॉपर वायर चोरों के सिंडिकेट का पर्दाफाश,
पुलिस ने शातिर चोर सहित दो कबाड़ियों को दबोचा

बिलासपुर शहर में एयर कंडीशनर (AC) से कीमती कॉपर वायर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह (Copper Theft From AC) की सक्रियता पर नकेल कसते हुए सिविल लाइन और तारबहार थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक मुख्य आरोपी राहुल गंधर्व और उसके साथ शामिल एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों, कमलकांत दत्ता उर्फ डोकरा और मोहम्मद याकुब को भी हिरासत में लिया गया है।
173 फीट वायर और खरीदार भी पुलिस की गिरफ्त में, (Copper Theft From AC)
पुलिस ने इनके कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किया गया लगभग 173 फीट कॉपर वायर बरामद किया है, जिसकी बाजार दर एक लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने व्यापार विहार स्थित मुथूट फाइनेंस की पार्किंग और मंगला चौक के पास स्थित डिजिटल मार्केटिंग ऑफिस सहित कई स्थानों पर लगे एसी यूनिट्स को निशाना बनाया था। आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन और तारबहार में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग अलग धाराओं के तहत चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शहर के पॉश इलाकों में रात के अंधेरे में रेकी कर चोरी को अंजाम देते थे और तत्काल कबाड़ियों को औने-पौने दाम पर बेच देते थे। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन एस.आर. साहू और उनकी टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की मदद से आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा, जिन्हें अब न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है





