भवन शाखा प्रभारी को एक्सटेंशन देने पर बवाल, विपक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर: नगर निगम बिलासपुर में भवन शाखा के प्रभारी इंजीनियर सुरेश शर्मा की संविदा नियुक्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मुद्दे पर विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। नेता प्रतिपक्ष भरत कुमार कश्यप के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, जिसमें सुरेश शर्मा की संविदा नियुक्ति पर कड़ा विरोध जताया गया है।

ज्ञापन में गंभीर आरोप

ज्ञापन में बताया गया है कि सुरेश शर्मा के खिलाफ पहले से ही ईओडब्ल्यू और एसीबी में आय से अधिक संपत्ति के मामलों की जांच चल रही है। इसके अलावा आर्थिक अनियमितताओं और अवैध निर्माणों को लेकर भी कई शिकायतें दर्ज हैं।

महापौर और सभापति भी कर चुके हैं नाराज़गी जाहिर

सूत्रों के मुताबिक, महापौर पूजा विधानी ने तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान सुरेश शर्मा को फटकार भी लगाई थी। वहीं सभापति विनोद सोनी ने भी उनकी संविदा नियुक्ति का खुलेआम विरोध किया है।

विपक्ष ने क्या कहा?

विपक्ष का कहना है कि इतने विवादों में घिरे अधिकारी को संविदा पर नियुक्त करना भ्रष्टाचार को बढ़ावा देगा और चालू जांचों को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने राज्य सरकार और नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इस संविदा नियुक्ति के प्रस्ताव को तुरंत रद्द किया जाए।

निगम में बढ़ी राजनीतिक हलचल

फिलहाल इस मुद्दे को लेकर नगर निगम में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। यह मामला आगे और तूल पकड़ सकता है, क्योंकि विपक्ष इसे भ्रष्टाचार से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button