इंस्टाग्राम ग्रुप में कंटेंट क्रिएटर के अपहरण और गैंगरेप की साजिश, 5 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की एक कंटेंट क्रिएटर को सोशल मीडिया पर अपहरण और गैंगरेप की धमकी देने का मामला सामने आया है। एक इंस्टाग्राम ग्रुप चैट में कुछ युवकों द्वारा उनकी फोटो शेयर कर आपत्तिजनक और आपराधिक साजिश रचने की बात सामने आई। यह चैट लीक होने के बाद पीड़िता तक पहुंची, जिसके बाद मामला उजागर हुआ।
बताया जा रहा है कि यह इंस्टाग्राम ग्रुप नशा मुक्ति के नाम पर चलाया जा रहा था। करीब दो महीने पहले सामने आए चैट्स में कुछ युवक पीड़िता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उसके अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की योजना बनाते दिखे। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और एक वीडियो जारी कर पूरी घटना बताई।
घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। कई यूजर्स पीड़िता के समर्थन में वीडियो और पोस्ट शेयर कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। इनके खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।





