नव वर्ष पर होटलों और क्लबों में बढ़ते अपराध पर कांग्रेस की चिंता, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने नव वर्ष के मौके पर रायपुर में होटलों, क्लबों और फार्म हाउसों में होने वाले आयोजनों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हर साल नए साल के जश्न के दौरान शहर में अश्लीलता, ड्रग्स, अवैध शराब और आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिलती है, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ती है।

कन्हैया अग्रवाल का आरोप है कि रायपुर के कई होटल और क्लब अब मनोरंजन के नाम पर अपराध के अड्डे बनते जा रहे हैं। इन जगहों पर नशीले पदार्थों का खुलेआम सेवन और बिक्री, अश्लील कार्यक्रम, महिलाओं के साथ अभद्रता, मारपीट, चाकूबाजी और यहां तक कि गोली चलने जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस और सख्त कार्रवाई नहीं की गई है, जो चिंता का विषय है।

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेश सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि नव वर्ष पर होने वाले सभी कार्यक्रमों पर कड़ी पुलिस निगरानी रखी जाए। ड्रग्स और अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल, क्लब और फार्म हाउस संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनके लाइसेंस रद्द किए जाएं।

IMG 6694

कन्हैया अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए और कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस और जिला प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शहर की संस्कृति, युवाओं के भविष्य और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में राजेश केडिया, करण जी राज, सुरेश जैन, अतुल रघुवंशी, राम मिश्रा, देवेंद्र पवार, शरद गुप्ता, गौतम यादव, मोहम्मद आसिफ, सैफ शाह, मनोज पाल, मनोज सोनकर, रवि शर्मा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।

इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेश सिंह ने भरोसा दिलाया कि नव वर्ष को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी आयोजनों को अनुमति देने से पहले व्यवस्थाओं की जानकारी ली जाएगी और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। साथ ही शहर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button