विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का प्रदर्शन तेज: टीएस सिंहदेव आमरण अनशन पर, दीपक बैज भूख हड़ताल में शामिल

सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। कांग्रेस ने जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट की एफआईआर वापस लेने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।

एक मंच पर दिखे कांग्रेस के बड़े नेता

कांग्रेस में चल रही अंदरूनी बयानबाजी के बीच टीएस सिंहदेव, भूपेश बघेल और दीपक बैज एक साथ मंच साझा करते नजर आए। आंदोलन स्थल से शिवनंदनपुर नगर पंचायत की चुनावी सभा तक तीनों नेता एक ही गाड़ी में पहुंचे। टीएस सिंहदेव ने नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज एफआईआर को कानूनन गलत बताते हुए प्रशासन को शाम तक कार्रवाई का समय दिया था। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने आमरण अनशन शुरू कर दिया।

भूपेश बघेल ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव प्रभावित करने के लिए कांग्रेस नेताओं पर फर्जी केस दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सब कुछ याद रखेंगे और भविष्य में इसका जवाब दिया जाएगा।

दूसरे पक्ष पर भी दर्ज हुई एफआईआर

कांग्रेस की मांगों में दूसरे पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करना भी शामिल था। विश्रामपुर पुलिस ने नरेंद्र जैन की शिकायत पर दूसरे पक्ष के खिलाफ धारा 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर इसे आंदोलन की पहली जीत बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार सत्ता के अहंकार में काम कर रही है और जनता इसका जवाब देगी। आंदोलन स्थल पर देर रात तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड़ बनी रही। कई कार्यकर्ता भूख हड़ताल में भी शामिल हुए।

क्या है पूरा विवाद

कांग्रेस के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय और कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के बीच चुनाव को लेकर विवाद हुआ था। कांग्रेस का आरोप है कि इसके बाद नरेंद्र जैन को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष की शिकायत पर नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नरेंद्र जैन ने कटार दिखाकर धमकी दी थी, हालांकि अब तक कथित हथियार बरामद नहीं हो सका है। मामले को लेकर कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button