रायपुर में एनआईटी चौपाटी विवाद पर सियासत गरम, कांग्रेस ने BJP नेताओं की ‘सद्बुद्धि’ के लिए किया यज्ञ

रायपुर। राजधानी रायपुर में एनआईटी चौपाटी को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे पर कांग्रेस ने शुक्रवार को खास तरीके से विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं को “सद्बुद्धि” आने की कामना करते हुए यज्ञ किया। इस दौरान उन्होंने मंत्री अरुण साव और विधायक राजेश मूणत के पोस्टर हाथ में लेकर हवन-पूजन किया।
कांग्रेस का आरोप है कि चौपाटी को कभी वैध बताकर, तो कभी अवैध बताकर गरीब और छोटे दुकानदारों की रोज़ी-रोटी पर हमला किया जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि चौपाटी को बनाने में करीब साढ़े 6 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं और यह राशि वापस ली जानी चाहिए।
उपाध्याय का कहना है कि पहले BJP नेताओं ने चौपाटी को नियमों के मुताबिक बताया था, लेकिन अब वही इसे अवैध बोलकर हटाने की बात कर रहे हैं। कांग्रेस की मांग है कि चौपाटी से जुड़े दुकानदारों, ठेला और खोमचा लगाने वालों के लिए नई जगह या कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि उनका रोजगार बंद न हो।
कांग्रेस ने साफ कहा कि चौपाटी हटाने से पहले गरीबों की आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, वरना आंदोलन तेज किया जाएगा।





