कांग्रेस एसआईआर को लेकर कर रही गलतफहमी पैदा, निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल बेबुनियाद: भाजपा प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा

रायपुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) को लेकर प्रदेश में गलत माहौल बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मिलकर बीएलओ की शिकायत करना उनकी निराशा और अविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब कांग्रेस को अपने ही बीएलए पर भरोसा नहीं रह गया है।
डॉ. मिश्रा एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस ब्रीफ के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
“एसआईआर चुनाव आयोग करा रहा है, भाजपा नहीं”
डॉ. मिश्रा ने बीएलओ के साथ हुई मारपीट पर चिंता जताई और कहा कि कांग्रेस यह समझ ले कि भाजपा और निर्वाचन आयोग अलग-अलग हैं।
उन्होंने साफ कहा “कांग्रेस का यह आरोप कि भाजपा एसआईआर करा रही है, पूरी तरह गलत है। एसआईआर तो चुनाव आयोग की प्रक्रिया है, जिसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों एक समान स्थिति में हैं।”
उन्होंने बताया कि अगर किसी केंद्र पर गड़बड़ी दिखती है तो भाजपा भी आयोग से इसकी शिकायत करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अभी हाल ही में एसआईआर की समय सीमा बढ़ाने की मांग की है, जबकि भाजपा पहले ही इसको लेकर आग्रह कर चुकी थी।
“मतदाता सूची में गड़बड़ियों से कांग्रेस डर रही है”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस इसलिए भ्रम फैला रही है क्योंकि मतदाता सूचियों में जो गड़बड़ियाँ सामने आ रही हैं, वे उनके संरक्षण में हुई हैं।
अब जब सुधार की प्रक्रिया चल रही है तो कांग्रेस को अपने “बेनकाब होने” का डर सता रहा है।
उन्होंने याद दिलाया कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है ,कांग्रेस शासनकाल में भी यही प्रक्रिया होती थी, लेकिन तब भाजपा ने कभी इस पर सवाल नहीं उठाए।
“संविधान का अपमान कर रही कांग्रेस”
डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह एसआईआर पर बेवजह सवाल खड़ा कर संवैधानिक प्रावधानों का अपमान कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल संविधान का नाम लेकर जनता को गुमराह कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं पर निराधार आरोप लगा रही है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में भाषा की समस्या का समाधान जरूरी
सीमावर्ती क्षेत्रों में भाषा संबंधी दिक्कतों पर उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को इस दिशा में कदम उठाकर समाधान करना चाहिए, ताकि एसआईआर सही तरीके से पूरा हो और उसके परिणाम विश्वसनीय मिल सकें।
डॉ. मिश्रा ने दोहराया कि कांग्रेस का काम सिर्फ भ्रम फैलाना है, जबकि भाजपा निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू रखने के लिए प्रतिबद्ध है।





