मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना पर कांग्रेस का आरोप, 5 करोड़ के आयोजन में “जंबूरी भ्रष्टाचार 2.0” का दावा

रायपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल ने प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि योजना के तहत होने वाले भव्य आयोजन में नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपये का काम कराया जा रहा है।
सुबोध हरितवाल ने बताया कि 10 फरवरी को साइंस कॉलेज मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के लिए नियमानुसार CSIDC के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। आरोप है कि 4 फरवरी को केवल 5 कंपनियों को आमंत्रित किया गया और उन्हें मात्र 24 घंटे में डिजाइन प्रेजेंटेशन देने को कहा गया।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि जब डिजाइन और लेआउट पहले से तय बताया जा रहा है, तो फिर प्रेजेंटेशन की औपचारिकता क्यों निभाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना टेंडर के ही साइंस कॉलेज मैदान में काम शुरू कर दिया गया है, जबकि आयोजन पर 5 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की बात कही जा रही है।
सुबोध हरितवाल ने इसे “जंबूरी भ्रष्टाचार 2.0” करार देते हुए कहा कि जिस तरह जंबूरी आयोजन में अनियमितताएं उजागर हुई थीं, वैसा ही मॉडल यहां भी अपनाया गया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या मैदान के उपयोग के लिए वर्क ऑर्डर पहले ही जारी कर दिया गया है।

कांग्रेस ने पूरे मामले के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि विभाग की जानकारी और संलिप्तता के बिना ऐसा संभव नहीं है। पार्टी ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





