एक्शन मोड में कलेक्टर संजय अग्रवाल, सभी विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा

बिलासपुर में कलेक्टर संजय अग्रवाल एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने आज कलेक्ट्रेट परिसर में जिले के सभी विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक का मुख्य उद्देश्य शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और लंबित कार्यों में तेजी लाना रहा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि रायपुर में बैठक होने के कारण मंगलवार को समीक्षा नहीं हो पाई थी, इसलिए आज यह बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने एक-एक कर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली और उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं का लाभ समय पर और सही पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से काम करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों और रोजमर्रा की प्रशासनिक समस्याओं पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि नियमित समीक्षा बैठकों से कामकाज में पारदर्शिता आती है और कार्यों की गति भी बढ़ती है।
इस समीक्षा बैठक के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि बिलासपुर जिले में विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।





