छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, रात का तापमान दो से तीन डिग्री गिरने के आसार

छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख बदलने लगा है। पिछले कुछ दिनों से बादल छंटने के बाद अब प्रदेश में ठंडक का असर महसूस होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है। शुष्क और ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना नहीं है, जबकि दक्षिणी क्षेत्रों में भी अगले तीन दिनों तक सूखा मौसम रहने के आसार हैं। इसके बाद भी मौसम में ठंडक बनी रहेगी।

रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय हवा में नमी का स्तर 70 प्रतिशत और शाम को 58 प्रतिशत रहा। वहीं, माना एयरपोर्ट में सर्वाधिक तापमान 32.4 डिग्री और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर में 31.6, जगदलपुर में 32.2, दुर्ग में 30.2 और पेंड्रारोड में 30.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रह सकता है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की या नाममात्र की बारिश दर्ज की जा सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे-जैसे उत्तर भारत से ठंडी हवाएं चलेंगी, वैसे-वैसे छत्तीसगढ़ में भी ठंड का असर और गहराएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button