नॉन-परफॉर्मिंग IAS-IPS पर CM साय सख्‍त, समीक्षा के बाद हटाए गए बस्‍तर के कलेक्‍टर और मुंगेली के एसपी…

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दो दिवसीय कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस के बाद बस्तर के कलेक्टर व 2015 बैच के आईएएस विजय दयाराम के. को हटा दिया गया है। उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास अभिकरण में मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद पर पदस्थ किया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने बस्तर की समीक्षा के दौरान राजस्व प्रकरण निपटाने में देरी, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और मनरेगा में रोजगार सृजन करने में लापरवाही पाए जाने पर नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद उन्हें पद से हटा दिया गया है। बस्तर में 2015 बैच के लिए आईएएस हरीश एस. नए कलेक्टर होंगे। अभी तक वह सुकमा में कलेक्टर थे। वहीं सुकमा में 2018 बैच के आईएएस देवेश कुमार ध्रुव को नया कलेक्टर बनाया गया है।

अन्य जिलों में भी होगी कार्रवाई

उच्च अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री की कांफ्रेंस के बाद नान-परफार्मिंग कलेक्टर-एसपी को चयनित किया जा रहा है। बतादें कि मुख्यमंत्री ने सारंगढ़ ,बस्तर, खैरागढ़ में राजस्व मामलों की धीमी गति पर नाराजगी जताई थी। अविवादित और विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, त्रुटि सुधार, डायवर्सन, असर्वेक्षित ग्रामों की जानकारी, नक्शा बटांकन आदि में इन जिलों का प्रदर्शन कमजोर था।

इसी तरह सीएम ने पंचायत विभाग की योजनाओं की समीक्षा में मनरेगा में मानव दिवस का सृजन कम होने पर बस्तर कलेक्टर पर व पीएम विश्वकर्मा कौशल विकास योजना में भी खैरागढ़, सारंगढ़, सक्ती, रायगढ़ जिलों की शून्य प्रगति पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर की थी।

इधर, हटाए गए मुंगेली के एसपी गिरजा शंकर

मुंगेली के एसपी गिरिजा शंकर को हटाकर उनके स्थान पर भोजराम पटेल को एसपी बनाया गया है। गृह विभाग से जारी आदेश के मुताबिक गिरिजा शंकर 2010 बैच के आइपीएस है। डीआइजी रैंक पर हैं और यह उनका चौथा जिला था। उन्हें पुलिस मुख्यालय बुला लिया गया है।

एसपी के तबादले को भी मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक से जोड़कर देखा जा रहा है। बतादें कि मुख्यमंत्री साय ने 12 और 13 सितंबर को राजधानी के न्यू सर्किंट हाउस में प्रदेश के सभी 33 जिलों के कलेक्टर-एसपी की समीक्षा बैठक की थी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button