पेट्रोल-डीजल को लेकर मुख्यमंत्री साय की बड़ी बैठक, बोले– प्रदेश में शॉर्टेज नहीं, अफवाहों पर न दें ध्यान

रायपुर। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों और पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है और अफवाहों पर रोक लगाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सभी अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं ताकि पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और कहीं भी शॉर्टेज जैसी स्थिति न बने। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें।
नक्सलमुक्त भारत पर भी बोले CM
मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कहा कि नक्सलमुक्त भारत का संकल्प पूरा होने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है। 30 मार्च को लोकसभा में इस विषय पर चर्चा होगी, जिसमें गृहमंत्री अमित शाह देश को विस्तृत जानकारी देंगे। उन्होंने इसे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, सचिव डॉ. बसवराजु एस, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, उद्योग सचिव रजत कुमार सहित आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के पेट्रोल-डीजल और गैस डिवीजन के अधिकारी शामिल रहे।
सरकार ने दोहराया कि प्रदेश में आवश्यक पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई सामान्य है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।





