प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई, बोले- देश ने विकास और आत्मविश्वास के नए युग में किया प्रवेश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने सेवा, सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए दौर में कदम रखा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शासन की कार्यशैली को बदलते हुए विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
सीएम साय ने कहा कि आज भारत मजबूत अर्थव्यवस्था, डिजिटल क्रांति, आधुनिक अधोसंरचना और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना अब जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि बस्तर और वनांचल जैसे क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी और बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इससे दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल और जन-धन योजना जैसी योजनाओं ने लोगों को नई उम्मीद और आत्मविश्वास दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे।
अंत में मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ेगा।





