मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रतिक्रिया: केंद्रीय बजट 2026-27 को बताया ‘विकसित भारत’ की दिशा में ऐतिहासिक कदम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026–27 पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य की मजबूत नींव रखता है। कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट है, जिसमें आर्थिक विकास व रोजगार, जन-अपेक्षाओं की पूर्ति और ‘सबका साथ, सबका विकास’ को केंद्र में रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती
बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर विशेष जोर दिया गया है। एआई व आधुनिक तकनीक से कृषि उत्पादकता बढ़ाने, पशुपालन व डेयरी को प्रोत्साहन, और महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योग व हस्तशिल्प से ग्रामीण रोजगार बढ़ेगा।
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन में नए अवसर बनेंगे। पर्यटन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और युवाओं को अपने क्षेत्र में रोजगार मिलेगा। विदेश यात्रा और विदेश में पढ़ाई भी अपेक्षाकृत सस्ती होगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल
बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज जैसी बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिला अस्पतालों का उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी व ट्रॉमा सेंटर, मानसिक स्वास्थ्य, आयुर्वेद, और मेडिकल टूरिज्म के 5 रीजनल हब से स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी और रोजगार बढ़ेगा।
महिला सशक्तिकरण
लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड स्वरोजगार व उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। हर जिले में बालिका छात्रावास बनने से उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
उद्योग, शिक्षा और खेल
7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए जलमार्ग, बड़े टेक्सटाइल पार्क, खनिज कॉरिडोर, और सेमीकंडक्टर मिशन में 40,000 करोड़ के निवेश से औद्योगिक विकास व रोजगार को नई गति मिलेगी। खेलो इंडिया और शिक्षा सुधारों से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
कर सुधार और आम जनता को राहत
आयकर प्रक्रिया सरल की गई है। दवाइयां, कपड़े, जूते, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस-सीएनजी सहित कई रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी, जिससे आम लोगों को सीधी राहत मिलेगी।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ को और मजबूत करता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को ऐतिहासिक, विकासशील और जनकल्याणकारी बजट के लिए धन्यवाद दिया।





