सीसी रोड खराब होने पर सख्त हुए CM विष्णुदेव साय, जांच के दिए निर्देश

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा जिले के दाढ़ी नगर पंचायत में हाल ही में बनी सीसी रोड के जल्दी खराब होने के मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से फोन पर चर्चा कर पूरे मामले की विस्तृत और समयबद्ध जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़क का तकनीकी परीक्षण कर निर्माण सामग्री, गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था की पूरी जांच करने को कहा है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सीएम ने स्पष्ट किया कि अगर जांच में किसी तरह की अनियमितता या मानकों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क का जल्द पुनर्निर्माण कर आम लोगों को राहत देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अन्य कार्यों की भी होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा करने को कहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सीएम साय ने दो टूक कहा कि जनहित के कामों में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।





