छत्तीसगढ़ विधानसभा में महिला आरक्षण पर सियासी टकराव, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

रायपुर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा के लिए आयोजित विशेष सत्र के बाद सियासी माहौल गरमा गया। सत्र खत्म होने के बाद भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने महिला आरक्षण को लेकर एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने महिलाओं के लिए ठोस काम नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संसद में बिल लाया गया, तब कांग्रेस ने उसका समर्थन क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2029 में महिलाओं को लोकसभा और राज्यसभा में प्रतिनिधित्व देने वाला महत्वपूर्ण कानून है, लेकिन कांग्रेस ने इसे कमजोर करने की कोशिश की।

वहीं कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को प्राथमिकता दी है और देश को पहली महिला प्रधानमंत्री देने का काम भी किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की विचारधारा महिलाओं के प्रति सकारात्मक नहीं है और यह केवल दिखावे की राजनीति कर रही है।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर दोनों दलों के बीच यह टकराव आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में और तेज होने के संकेत दे रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button