वाटरफॉल में डूबा CISF जवान, सर्च ऑपरेशन जारी

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का एक जवान छत्तीसगढ़–ओडिशा सीमा पर स्थित गुलमी वाटरफॉल में डूब गया। जवान अपने साथियों के साथ महाशिवरात्रि के मौके पर घूमने गया था। घटना के बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक जवान का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार, नगरनार स्थित NMDC प्रोजेक्ट में तैनात CISF के 5-6 जवान छुट्टी के दौरान गुलमी वाटरफॉल घूमने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद आकाश चौधरी (28) नहाने के लिए पानी में उतरा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
जब काफी देर तक वह नजर नहीं आया तो साथियों ने आवाज लगाई और आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद घटना की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी गई।
ओडिशा के कोटपाड़ थाना क्षेत्र की पुलिस ने स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। जवान की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जवान के साथ गए अन्य साथियों से भी पूछताछ की जा रही है।





