एसी कंप्रेसर ब्लास्ट से मचा हड़कंप: मरम्मत के दौरान धमाका, दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलसे

बिलासपुर में एसी मरम्मत के दौरान अचानक हुए विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

घटना एक एसी रिपेयरिंग दुकान में हुई, जहां काम के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंप्रेसर में गैस भरने या मरम्मत के दौरान यह ब्लास्ट हुआ, जिसकी चपेट में आकर दोनों भाई बुरी तरह घायल हो गए।

घायलों की पहचान आरिफ मिर्जा और शब्बीर मिर्जा के रूप में हुई है, जो रतनपुर के निवासी हैं और किराए की दुकान में एसी मरम्मत का काम करते थे। हादसे के समय दोनों दुकान के अंदर ही मौजूद थे, जिससे वे सीधे विस्फोट की चपेट में आ गए।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बर्न यूनिट में रेफर करने की सलाह दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट किन कारणों से हुआ।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button