छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर कम, अगले दिनों में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान

छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान में अगले छह दिनों तक विशेष परिवर्तन के आसार नहीं हैं।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 32 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई है और फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली प्रभावी नहीं है।

राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना बनी हुई है। यहां दिन का अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पेंड्रा, अमरकंटक और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में सुबह और शाम हल्की ठंड अभी भी महसूस की जा रही है।

लगातार ठंड के कारण बच्चों की सेहत पर भी असर पड़ा है। पिछले एक महीने में अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के कई मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों और नवजात शिशुओं का शरीर जल्दी ठंडा हो जाता है, जिससे उनमें इस बीमारी का खतरा अधिक रहता है।

हाइपोथर्मिया एक गंभीर स्थिति है, जिसमें शरीर का सामान्य तापमान गिर जाता है और अंगों की कार्यक्षमता प्रभावित होने लगती है। ठंडी हवा, नमी और ठंडे पानी के संपर्क में आने से शरीर तेजी से गर्मी खो देता है, जिससे यह समस्या और बढ़ जाती है।

स्वास्थ्य विभाग ने तापमान में उतार-चढ़ाव को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि ठंड के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, गर्म कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

विशेषज्ञों ने सर्दियों में इम्यूनिटी मजबूत रखने के लिए विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थ जैसे संतरा, नींबू और आंवला खाने की सलाह दी है। साथ ही अदरक-तुलसी की चाय और काढ़ा पीने से सर्दी, खांसी और वायरल संक्रमण से बचाव में मदद मिल सकती है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button