14 जुलाई से शुरू होगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र, बिजली और घोटालों पर गरमाएगा सदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 14 जुलाई से शुरू होने वाला है। उससे एक दिन पहले यानी 13 जुलाई को कांग्रेस और बीजेपी दोनों अपने-अपने विधायक दल की बैठकें करेंगी। कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को रायपुर बुला लिया है। यह बैठक कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की अध्यक्षता में होगी।
इस बार विधानसभा में बिजली दरों में हुई 20 पैसे की बढ़ोतरी, किसानों को खाद न मिलने और जंगलों की कटाई जैसे मुद्दों पर कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर पहले से ही सड़क पर आंदोलन कर रही है और अब सदन में भी आवाज उठाएगी।
वहीं बीजेपी भी सदन में कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक रहने वाली है। बीजेपी शराब घोटाले का मुद्दा उठाएगी, जिसमें हाल ही में 20 से ज्यादा अधिकारियों को निलंबित किया गया था। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस सरकार के दौरान ही इन अधिकारियों ने घोटाले को अंजाम दिया।
ऐसे में माना जा रहा है कि मानसून सत्र के दौरान बिजली, किसानों, जंगल और घोटालों को लेकर सदन में खूब बहस और हंगामा देखने को मिल सकता है।





