कोरबा में लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मंत्रियों से रिश्ते का झांसा देकर लोगों को ठगा

कोरबा। जिले की उरगा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो मंत्रियों से नजदीकी संबंध का हवाला देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करता था। आरोपी ट्रांसफर, नौकरी दिलवाने, और जेल से बाहर निकालने का झांसा देकर कई लोगों से पैसे ठग चुका था। पुलिस को लगातार ऐसे मामलों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

हाल ही में आरोपी ने सुखरीखुर्द निवासी घसिया बरेठ से सवा लाख रुपये ठग लिए। घसिया को आरोपी ने यह कहकर विश्वास दिलाया था कि वह उसके बेटे को पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल से बाहर निकालवा देगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उरगा थाना में बुजुर्ग व्यक्ति से धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में यह सामने आया कि आरोपी शहजादा खान उर्फ राजू है, जो गेवरा बस्ती का निवासी है, लेकिन अब बिलासपुर के चिल्हाटी स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता है।

आरोपी लोगों को यह भरोसा दिलाता था कि उसकी जज और पुलिस अधिकारियों से अच्छी जान-पहचान है, जिससे वह उन्हें मदद कर सकता है। आरोपी ने नगोईखार दर्री निवासी सरवंस सूर्यवंशी से आबकारी विभाग में चपरासी की नौकरी लगाने के नाम पर एक लाख रुपये ठगे। इसी तरह, उसने बांकीमोंगरा निवासी सुशीला महंत से उद्योग विभाग से 15 लाख रुपये का लोन दिलवाने के नाम पर 50 हजार रुपये ठगे। बिलासपुर के मोपका निवासी संदीप यादव से भी एक लाख रुपये ठगे थे, यह कहकर कि वह सरगुजा में कार्यरत संदीप की पत्नी का ट्रांसफर कोरबा करा देगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच जारी रखी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button