दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम बदलेगा, आंधी-बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं की चेतावनी

प्रदेश में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, इसके बाद अगले तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव सहित दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आंधी-तूफान, गरज-चमक और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यह अलर्ट सुबह 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। गरज-चमक और तेज हवाओं का असर भी जारी रह सकता है।
रायपुर में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गर्मी बढ़ने के कारण लोग दिन के समय धूप से बचने के लिए स्कार्फ और अन्य उपाय अपनाते नजर आ रहे हैं।





