चैंपियंस ट्रॉफी 2025:गौतम गंभीर के वो चार बड़े फैसले, जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत को फाइनल तक पहुंचाया

चैंपियंस ट्रॉफी 2025:भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अपने शानदार खेल के साथ बिना किसी हार के फाइनल में जगह बनाई है। इस धमाकेदार प्रदर्शन में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर के चार अहम फैसले शामिल थे, जिनका आलोचना की गई थी, लेकिन अंत में वही फैसले भारत की जीत का कारण बने। इन फैसलों ने टूर्नामेंट में टीम के दबदबे को सुनिश्चित किया।

पांच स्पिनरों का चयन और वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन

चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत से पहले, जब भारतीय टीम ने पांच स्पिनरों को स्क्वॉड में शामिल किया, तो यह फैसला खासा विवादित रहा था। फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों ने सवाल उठाए थे, खासकर वरुण चक्रवर्ती को टीम में शामिल करने पर। यशस्वी जायसवाल को बाहर कर वरुण को मौका देने पर भी आलोचना हुई थी। लेकिन यह फैसला सही साबित हुआ। वरुण ने न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जिताऊ प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने महत्वपूर्ण विकेट लिए और टीम इंडिया को शानदार जीत दिलाई।

हर्षित राणा का चयन

चैंपियंस ट्रॉफी से ठीक पहले जसप्रीत बुमराह की चोट ने भारतीय टीम को बड़ा झटका दिया। उनकी जगह हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया, जिससे क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने सवाल उठाए थे। अनुभव की कमी के कारण कई लोगों का मानना था कि मोहम्मद सिराज को टीम में चुना जाना चाहिए था। हालांकि, हर्षित ने अपने प्रदर्शन से सभी को गलत साबित किया। बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ उसने 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जिससे भारत को जीत मिली।

 अक्षर पटेल की बैटिंग पोजिशन

गौतम गंभीर ने अक्षर पटेल को नंबर 5 पर भेजने का फैसला लिया, जिसे लेकर उनकी आलोचना की गई थी। हालांकि, अक्षर ने सेमीफाइनल और न्यूजीलैंड के खिलाफ दबाव में बेहतरीन पारियां खेलीं और टीम को मुश्किल से उबारा। उन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया और साबित किया कि वह एक महत्वपूर्ण मैच विनर हैं।

केएल राहुल की बैटिंग पोजिशन
गौतम गंभीर ने केएल राहुल को निचले क्रम में भेजा, जिसे लेकर आलोचकों ने कहा कि वह राहुल का करियर बर्बाद कर रहे हैं। लेकिन राहुल ने इस फैसले को सही साबित किया। पहले मैच में नाबाद 41 रन बनाए और सेमीफाइनल में भी नाबाद 42 रन बनाकर भारत को मैच जिताया।

गौतम गंभीर के इन फैसलों ने भारतीय क्रिकेट को नई दिशा दी और टीम को फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button